होगे महनीय तुम, उत्तम,
सामर्थ्य नहीं, नहीं झुठलाऊंगा।
ऊसर थल- जीवंत कौमुदी तुमसे हैं,
होंगे, प्रश्नचिन्ह नहीं लगाऊँगा।
कहोगे तो पढ़ दूँगा ऋचाएँ,
मंत्र संभवतः साथ में दोहराऊँगा।
जो गाते हो गान, होंगे रुचिकर,
तो सहर्ष मैं भी गाऊँगा।
श्रद्धेय होंगे यदि विचार किसलय,
मैं भी रचूँगा उन पर गीत।
तुम्हारे तय मानकों पर सब,
राग-ताल-झंकार बजाऊँगा।
तुम्हारे अखंड नाद आलापों में,
जोडूँगा उद्धत मधुकर अध्याय।
लगेगा अनुकरणीय पथ तो,
स्वेच्छा से तुम्हारा अनुयायी कहलाऊँगा।
किन्तु मेरा रच मैं स्वयं हूँ,
रचूँगा स्वायत्त स्वत से ही।
केवल तुम्हारी अनुशंसा हेतु,
निःसृत सृजित न पगुराऊँगा।
स्वायत्त प्रशमन करते,
मेरे उद्धत शब्द।
नवोन्मेषण हेतु संघनित,
आलोड़ित होते हैं।
करना चाहते हैं सर्जना,
वे स्वयं के गीत की।
स्व-सायुज्य विचार मधुकरों से,
संपृक्त वह गीत विग्रह।
सान्द्र प्रशंसा केलि की,
उत्फुल्ल स्पृहा लिए,
झांकना चाहते हैं वातायनों से।
विहस उठना चाहते हैं।
किन्तु क्या मधुमास का,
निरभ्र आना संभव हुआ है?
स्वयं से रचे शब्द,
उत्स से विगलित हो उठते हैं।
स्वयं से ही विमुख,
अभिप्रेत, प्रसूत, विछिन्न।
उच्चारों की श्रेयस विभाएँ,
गह्वरों में कांपती हैं, कुंठित।
व्याकरण का केसरी सौंदर्य,
नहीं सुहाता नासापुटों को।
प्रांजल शब्द होते जाते हैं,
परिवर्तित शृंगीभालों में।
इन विचारों के झुरमुटों से,
उन्नयन करता कडवापन।
इस मधुप संकुल में,
प्रच्छन्न विशद अवसाद।
यह संदेह की दस विमायें,
अंततः किसका इंगित हैं?
ऐसा तो संभव नहीं कि,
मेरे गीत चले गए हों,
किसी अगत्यात्मक देश के,
उत्पल दलों में डूबने।
किसी अलसाई झिप में धंस,
प्रतानों में नाहक फंसने।
बेलौस झूमते रहने से,
श्लथ निर्वाकपन तक।
मेरी समझ से की उन्होंने,
उन्मीलन की ही क्रिया।
क्या मेरी अहर्निश अनिमेष दृष्टि,
किंचित निमीलित हो गई थी?
निश्चय ही!
संभवतः अपने ऋजु आख्यान में,
नहीं कर पाया गणना।
तुम्हारी अहेतुक वीथिकाओं की,
जो तुमने जीवन पाथेय में बांधी थीं।
नहीं रख पाया मन व्रणों को,
स्वच्छ, धवल, गंधहीन।
नहीं सुन पाया सोपानों से,
विप्लव के मादल का स्वर।
तुम्हारी मृदुल मोहक संसृति,
जिसमे पहले से रहना था विनत।
उस पूजार्ह अस्तित्व के आगे,
अब शब्दों के साथ प्रणत हूँ।
इस आर्जव प्रेम सरिता में,
मेरे शब्द मोक्ष पायें।
=================
निरभ्र= स्वच्छ/ बिन बादलों के
विग्रह= देव प्रतिमा
प्रसूत= दूसरी वस्तु से लिया
संपृक्त= डूबा/घिरा
नासापुट= नथुने/नसिका
वातायन= खिड़की
अभिप्रेत= अवांछित
विमा= आयाम/dimensions
सान्द्र= गाढ़ा
विगलित= पिघला
उत्पल= कमल
पूजार्ह= पूजनीय
श्लथ= थका
निर्वाक= चुप
अहर्निश= दिन-रात
विप्लव= विनाश
मादल= ढोल
================
करुणा के घट स्मितित मनोहर,
अगणित वर्षों से ढुलकाना।
रज में डूबे बकुल-फूल को,
नित प्रात विरज करके जाना।
भादो के जाते घन दल से,
कुछ अंजन ले कर आना।
मेघों के निर्घोष से चुन कर,
जल बूँद-बूँद कर छिटकाना।
ये तो कोई रिपुदल का,
विनियम आखेट नहीं है।
फिर क्यों नित्य कहा करते हो,
किंचित प्रेम नहीं है।
सिकते सूखे से कपोल पर,
मृदु आसव का लेप लगाना।
पाटल के सूखे विटपों पर,
चन्दन की सी गंध सजाना।
अरूप नेह की लता विहंगम,
श्वास पकड़ कर चढ़ जाना।
बन के हास निरुपम हिय का,
दिव मीलित, सुभीता कर जाना।
ये तो किन्ही तरुण गीतों के,
अनी की टेर नहीं है।
फिर क्यों नित्य कहा करते हो,
किंचित प्रेम नहीं है।
तूलिका से बातें कर कर के,
दूर यवनिका तक लिख आना।
निर्बंध अनल अभिसार बना कर,
रंगों की थाती बिखराना।
सीपी के उच्छ्वास बुलबुले,
चुनना, चुनते ही जाना।
मुक्ताफल के अनुनादों से,
अनुराग खींच कर ले आना।
ये तो किसी पूर्वजन्म के,
वलय का फेर नहीं है।
फिर क्यों नित्य कहा करते हो,
किंचित प्रेम नहीं है।
पूजा की थाली छू करके,
सब खील, बताशे कर जाना।
और स्मृति के हर एक कण पर,
रिद्धिमा की रोली बिखराना।
लोचन के कोमल अभ्रों का,
तोय निलय पर टपकाना।
स्नेह से पूरित वर्ण गूंथना,
गीत मृदुल गुनते जाना।
यह सब मात्र मेरे स्वप्नों का,
कोरा संकेत नहीं है।
फिर क्यों नित्य कहा करते हो,
किंचित प्रेम नहीं है।
गंडक-कोसी बह जाने दो.
आए निदाध तो आने दो.
जो लोल व्यथा की क्रीडा है,
उसको मल्हार बजाने दो.
सुरधनु सजें या नहीं सजें,
द्रुम सुमन उगें या नहीं उगें.
हो जीर्ण-विकीर्ण यदि नभ भी,
उरगों को गल्प सुनाने दो.
राका हर दिवस के बाद में हो,
हर वृन्त सदा आह्लाद में हो.
यह हर्षिल विभ्रम नहीं पालो,
सत को सिगड़ी सुलगाने दो.
आमोद-प्रमोद को मथ डालो,
आँधी-पानी में रथ डालो.
और गोत्र तनिक जो बहता हो,
उसको सहर्ष बह जाने दो.
अमर्त्य अराति विद्रूप कहे,
हर क्रीत विभा परित्यक्त रहे.
दग्ध व्रणों से भीत न हो,
जीवन तनिका तन जाने दो.
बस बहुत हुआ संध्या चुम्बन,
आरव-आरुषी का आलिंगन.
अब यह ललाट कुछ कलित करो,
दिनकर का तेज लजाने दो.
सोमिल लोचन में क्रोध भरो,
असि के विटपों पर क्षोभ धरो.
अतिरेक प्रगल्भा मूक रहे,
अहिअभ्रों को तोय लुटाने दो.
यदि एक टिटिहरी जिला सको,
जीवन का परिमल बहा सको.
अथ काल भी आड़े आ जाए,
शिख से नख तक जल जाने दो.
दुर्धर्ष मृषाओं से लड़ कर,
अति अनघ ऋचाओं को पढ़ कर.
नाहर से ऊँची श्वास भरो,
पितरों को तनिक गर्वाने दो.
यह जिजीविषा सम्मान रहे,
जीवन से ऊँचा नाम रहे.
उत्ताल भाल यदि देख वसु,
थर्राते हों, थर्राने दो.
तुम्हारे हाथ से...
अगली बरसात से पहले,
निचोड़ देना कुछ एक,
बादलों को मुठ्ठियों से।
वो खुशबूदार बरसातें,
कुछ मैं भी तो देखूँ।
सुकून की वजह..
रात की काली चादर पर,
जब एक सितारा भी,
ना तैयार हो टिमटिमाने को।
जाने कहाँ से टांक देती है,
माँ छत पर धूप के बादल।
जो कीमत दो...
धूप के मकान में रहती,
तुम एक अलसाई सी नदी।
रौशनदानों से झाँकता तिफ्ल,
मैं बेपानी बादल का टुकडा।
किसी सीली दोपहरी,
एक टुकडा धूप,
दो छल्ला भाप दे दो।
मैं बरसात खरीद लाऊँ।
क्यूँ?
बिलावजह का तुम्हारा,
लगातार बोलते जाना।
मेरा अरसे तक यूँ ही,
चुप रहना बिलावजह।
वजह होने की वजह,
ज़रूरी भी तो नहीं।
जब तक ना लौटूँ....
वक़्त को घूँट-घूँट,
कर पी लेना।
एक एक सब,
दिन काट लेना।
दुआ है तुम्हारी उम्र,
वक़्त से लम्बी हो।
लिखे बिना...
तुम्हे कुछ शब्द दूँ,
खुशबू की शीशीयों से?
मन के कमरों में खोलना,
ये नज़्म बन जाएँगे।
आवाजें...
कच्ची लकड़ियों के,
पुल सी मेरी चुप पर।
उछाल देते हो तुम,
खिलखिलाहट की एक गेंद।
लोग कहते हैं ग्लेशियर,
टूटा है दूर कहीं।
माँ...
कोने कोने तलाशती है।
देखे बिना मुझे,
तरस जाती है।
आने की तसल्ली,
भर से हुलसती है।
राह की हर धूप पर,
माँ बरस जाती है।
बदलने की कोशिश में...
कंचों को रोज तोड़ना,
सिर्फ इस उम्मीद में,
कि निकल आयें,
नीले-केसरिया बुलबुले।
तुम्हारे 'तुम' का कातिल,
तो मैं बचपन से था।
दो अधूरे गज वसन में,
काट लेना शिशिर-पौष।
बुला लेना जीर्ण स्व को,
जोर से कौस्तु.....भ!!!!!!
एक युग तक जीना,
समेटे हुए आक्रोश।
कल्पों तक सुनना,
हितैषी क्षमा के गीत।
पुनीत पत्राँजलियों पर,
टेकना मत्थे-सीस।
सहेज के रखना,
ध्रुवनंदा की सैकत।
हो जाना पवित्र से,
ध्यान कर रसाल परिमल।
रोहिणी विलोचन,
आदि-अनादि-इत्यादि का।
प्रातः मरिचियों में,
धो लेना अमर्ष।
संभव हो यथा,
अथ स्व विमर्श।
एक वही है विक्रांत,
जिसने रच दिया,
तात, मनु को, गौतम,
शिवी-भगीरथ रहना नत।
द्युतमान अलौकिक मिहिर को,
देना अर्घ्य नित्य-प्रतिदिन।
गुनना ऋचाएँ जो कुछ,
महि से भी पुरानी हैं।
हो जाना निस्पृह-निस्पंद,
गोस्वामी स्व-सायुज्य।
लगे प्रकृति को भी यह,
विवृत प्राकृतिक ऋत।
किन्तु भू पर रह,
यह कर पाने को।
चढ़ना ही नहीं अपितु,
देग में खौलना होगा।
उरगों के निदाध को,
करना होगा जड़वत।
अरण्य का विजेता,
अमोघ नाहर बनना होगा।
यामा जब जब सुनाये,
सुरसा सी निर्दयी हँसी।
बन कर अजेय भास्कर,
धिनान्त के आगे लड़ना होगा।
निःसंकोच करो यापन,
जीवन बन निर्मल कण।
किन्तु समय कहे तो,
पौरुष भी तोलना होगा।
उठा कर महाबली भुजाएँ,
तड़ित से तेज गरजना होगा।
रख देने होंगे अश्वगंधा पुहुप परे,
भीषण आयुधों को धरना होगा।
देख रहे हो मित्र?
लालित्य अटा पड़ा है,
हर पुष्प-वृंत-निकुंज पर|
सुथराई अलसाई है,
दूब के बिछौने पर|
चींटियों की जिप्सियाँ,
लगी हैं फिर खोदने,
जडें महुआ की|
चटकने लगे हैं,
कपास के बिनौले,
शनैः शनैः चट-चटाक|
पारस-पीपल और मधु-मालती,
ले लेना चाहते हैं,
हरसिंगार से कीर्तिध्वज|
फूल उठने को हैं सब,
गेंदे-गुलाब की घाटियाँ|
कछारों से लौट,
आए हैं सभी द्विज|
ले कर कुछ नए,
प्रवासी खग-विहग|
सुनते हो ना?
इनका अस्फुट-मीठा,
क्रंदन-कलरव-कोलाहल?
धुंधलके का रव,
कहीं से भी तनिक,
रीता नहीं है|
हृदय से स्वर मिलाता,
धवल गीत सुनो|
चैतन्य विभायें नभ की|
उद्दाम विभावरी स्वयं,
जो पोंछ गई है,
तारकों के आँचल से,
तनिक और स्वच्छ हैं|
सुदूर हिमाद्री और,
सतपुड़ा के अरण्य में,
उतारने लगे हैं भुजंग,
केंचुलियाँ, अहो यौवन!!
माँ गिन रही है,
फंदे-गोले-सलाइयाँ|
अमरुद के गाछ,
झुक आए हैं,
तुलसी के बिरवे तक|
हुलस आया रे मन!
बांसुरियों की लहरियाँ,
निकलने लगी हैं स्वतः|
है मुदित आलाप यह,
बाँस के झुरमुटों का,
अनिल का स्पर्श पा|
नहीं क्या मित्र?
उन्मत्त पुहुप लालायित हैं,
अलि-भ्रमर अतिहर्षित|
पिक-अबाबील की निरंतर,
कुहकन-टुहकन के स्वर,
पायस अनुभूति हैं,
स्मितित आनंद की|
प्रणयविभोर भास्कर की,
नव्या विभायें|
त्याग कर रोष क्लेश,
हो गई हैं हेमाभ|
पुण्य नगेश से मिल कर,
लौटे मित्र हेमंत!
करो स्वीकार स्वागत,
महि-व्योम के हर कण का|




